सी0आर0सी0, लखनऊ द्वारा हर्षोल्लास से आयोजित किया गया विश्व ब्रेल दिवस
लखनऊ: सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के अन्तर्गत समेकित क्षेत्रीय कौशल विकास, पुनर्वास एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण केंद्र (सी0आर0सी0) लखनऊ के द्वारा अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर ब्रेल लिपि के जन्मदाता सर रॉर्बट लुई ब्रेल के जन्म दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले विश्व ब्रेल दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के अन्तर्गत 2 जनवरी को अंग्रेजी ब्रेल की जनजागरूकता एवं प्रचार-प्रसार की दृष्टि से अंग्रेजी ब्रेल लेखन व पठन का आयोजन किया गया तथा 3 जनवरी को हिन्दी ब्रेल लेखन व पठन का आयोजन हुआ। इसी क्रम में 4 जनवरी को ब्रेल आधारित स्वःरचित कविता पाठ प्रतियोगिता एवं ब्रेल शिक्षण को वृहत्ता देने के उद्देश्य से मॉडल निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन सी0आर0सी0, लखनऊ प्रांगण में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक श्रीमती अलका सिंह अर्कवंशी, सण्डीला विधानसभा, उत्तर प्रदेश की उपस्थिति रही। इस अवसर पर मुख्य अतिथि उद्बोधन प्रदान करते हुए उन्होंने कहा कि सी0आर0सी0, लखनऊ द्वारा विश्व ब्रेल दिवस के अवसर पर आयोजित किए जाने वाले इस दिव्य और भव्य कार्यक्रम से समाज में सर रॉबर्ट लुई ब्रेल एवं ब्रेल के प्रति जनजागरूकता का अत्यधिक प्रचार-प्रसार होगा। वर्तमान समय में उत्तर प्रदेश सरकार एवं केन्द्र सरकार के द्वारा दिव्यांगजनों के हितार्थ अनेकानेक उत्कृष्ठ सेवाओं, शिक्षण-प्रशिक्षणों एवं उपस्कर उपकरण वितरण कार्यक्रमों का आयोजन कराया जा रहा है।
संस्थान की तरफ से हिमाँशू सिंह, निदेशक, सी0आर0सी0, लखनऊ द्वारा सम्बोधित किया गया। सी0आर0सी0, लखनऊ द्वारा आयोजित प्रतियोगिताओं में अंग्रेजी ब्रेल लेखन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान-आकांक्षा गौतम, द्वितीय स्थान-आरती गौतम, तृतीय स्थान-अंशिका वर्मा, अंग्रेजी ब्रेल पठन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान-अंकुश, द्वितीय स्थान-प्रिया, तृतीय स्थान-अंशिका वर्मा, हिन्दी ब्रेल लेखन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान-अंबुज द्विवेदी, द्वितीय स्थान-आकाश गौतम, तृतीय स्थान-राहुल कुमार हिन्दी ब्रेल पठन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान-अंशिका वर्मा, द्वितीय स्थान-अंबुज द्विवेदी, तृतीय स्थान-देवेश गौतम ने प्राप्त किया। मॉडल निर्माण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान-महेन्द्र कुमार, द्वितीय स्थान-राहुल कुमार, तृतीय स्थान-मोना यादव एवं स्वःरचित कविता पाठ प्रतियोगिता में प्रथम स्थान-विशाल, द्वितीय स्थान-तनु द्विवेदी, तृतीय स्थान-अनामिका यादव ने प्राप्त किया। सभी विजेता प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर विधायक श्रीमती अलका सिंह अर्कवंशी के कर-कमलों द्वारा सम्मानित किया गया तथा सी0आर0सी0, लखनऊ के प्रांगण में स्थापित प्रधानमंत्री दिव्याशा केन्द्र के द्वारा उपस्कर/उपकरण वितरण कराए गए। कार्यक्रम में अध्यापक प्रशिक्षण केन्द्र (टी0सी0टी0वी0एच0), लखनऊ एवं सी0आर0सी0, लखनऊ में अध्ययनरत अध्यापक-प्रशिक्षुओं के साथ दिव्यांगजन एवं उनके अभिभावकों, अधिकारियों, कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।